Jabalpur News: पति के अपमान के बाद पत्नी ने चार बेटियों के साथ छोड़ा घर, पुलिस कर रही तलाश


जबलपुर। बेलखेड़ा थाना अंतर्गत कुसली गांव निवासी महेंद्र वंशकार ने अपनी पत्नी ममता और चार बेटियों के लापता होने की शिकायत पुलिस से की है। महेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी और बेटियां तीन दिन पहले से गायब हैं, और उनका भांजा दुर्गेश भी उन्हीं के साथ लापता है। महेंद्र को डर है कि उनकी पत्नी और बेटियों के साथ कोई अनहोनी ना हो गई हो।

महेंद्र ने बताया कि उनका भांजा दुर्गेश, जो कि नरसिंहपुर जिले के सर्रा गांव का निवासी है, कुछ महीनों से उनके घर आता-जाता था। महेंद्र को संदेह नहीं था कि वह ऐसा कुछ कर सकता है, लेकिन अब उन्हें लगता है कि दुर्गेश उनकी पत्नी ममता और चार बेटियों को अपने साथ ले गया है। घटना के दिन से ही ममता का फोन बंद है। पुलिस ने दुर्गेश के घर पर दबिश दी, लेकिन वह भी 17 जुलाई से गायब है।

पुलिस ने 28 जुलाई को ममता की फोन लोकेशन भोपाल में ट्रेस की और मौके पर पहुंचकर महेंद्र की बड़ी बेटी सोनम को दस्तयाब कर लिया। सोनम ने बताया कि उसकी मां भोपाल में काम कर रही थी और दो दिन पहले अपनी तीन बेटियों के साथ राजस्थान के नलखेड़ा चली गई है। पुलिस ने सोनम को जबलपुर लाकर पिता महेंद्र को सौंप दिया।

इस दौरान पुलिस को पता चला कि ममता अपनी बेटियों के साथ दिल्ली जा चुकी है। जबलपुर पुलिस लगातार ममता से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। 1 अगस्त को ममता से संपर्क होने पर उन्होंने बताया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और बेटियां भी अपनी मर्जी से साथ आई हैं। ममता ने आरोप लगाया कि महेंद्र ने उसे अक्सर ताने दिए और सार्वजनिक रूप से "मोटी भैंस" कहकर अपमानित किया, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

महेंद्र की शिकायत पर पुलिस ममता और उसकी बेटियों की तलाश में जुटी है। जबलपुर पुलिस जल्द ही दिल्ली जाकर उन्हें खोजने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी को दस्तयाब कर लिया जाएगा।
Previous Post Next Post
Ek Aawaz, India's Top News Portal, Get Latest News, Hindi samachaar, today news, Top news

क्या कहते है सितारे